नैनीताल: कालाढूंगी रोड में नलनी कलगांव क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। गुलदार ने दो बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने पीड़ितों को मुआवजा देने के साथ ही गुलदार की धरपकड़ की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक रविवार शाम नलनी निवासी महेंद्र सिंह अधिकारी व कृपाल सिंह अधिकारी के घर के समीप ही बकरी चरा रहे थे।अचानक गुलदार ने हमला कर दो बकरियों को मार दिया।लोगों ने हो हल्ला किया तो गुलदार भाग गया लेकिन घटना के बाद से ही ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्र में गुलदार का आतंक बना हुआ है। आबादी क्षेत्र तक पहुंच कर गुलदार उनकी आजीविका के संसाधन, पालतू मवेशियों को शिकार बना रहा है। लाेगों ने गुलदार की धरपकड़ के साथ ही पीड़ितों को नुकसान भरपाई की मांग की है। कालाढूंगी रेंजर जीवन उप्रेती ने बताया कि विभागीय टीम को गश्त के लिए भेजा गया है। संबंधित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज मुआवजे की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।