नैनीताल ।तल्लीताल क्षेत्र में बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय को जल्द संचालित कराने की मांग उठने लगी है। इस संबंध में नगर पालिका की सभासद गीता उप्रेती ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।ज्ञापन में कहा गया कि पर्यटन सीजन शुरू होने के साथ ही तल्लीताल क्षेत्र में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन सार्वजनिक शौचालय बंद होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिला, बुजुर्ग और बाहर से आने वाले पर्यटकों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
सभासद गीता उप्रेती ने मांग की कि जनहित को देखते हुए बंद पड़े शौचालय को अतिशीघ्र संचालित किया जाए, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे और लोगों को आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छ छवि बनाए रखने के लिए सार्वजनिक सुविधाओं का सुचारु रूप से संचालित होना बेहद जरूरी है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी नगर पालिका से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
