नैनीताल। नगर पालिका के स्नोव्यू वार्ड में पिछले चार दिन से कूड़ा नहीं उठने से सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। डस्टबिन कूड़े से भर जाने के बाद गंदगी सड़क तक फैल गई है। हालात यह हैं कि कूड़े के ढेर के आसपास बंदरों और आवारा कुत्तों का जमावड़ा लग रहा है, जिससे राहगीरों के साथ ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा बना हुआ है।
क्षेत्र में कई दिनों से कूड़ा नहीं उठने के कारण डस्टबिन के आसपास दुर्गंध और गंदगी बढ़ती जा रही है। कूड़ा सड़क तक फैलने से राहगीरों को आवाजाही में भी परेशानी हो रही है। बंदर और आवारा कुत्ते खाने की तलाश में कूड़े को इधर-उधर बिखेर रहे हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। क्षेत्रीय सभासद जितेंद्र पांडे जीनू ने सफाई व्यवस्था को लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी में सफाई व्यवस्था को लेकर इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। चार दिन तक कूड़ा नहीं उठना पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने पालिका प्रशासन से तत्काल कूड़ा उठवाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

