नैनीताल ।ऊंचाई वाले स्नोव्यू क्षेत्र के निवासियों को अब बीडी पांडे अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। यहां पर छोटी बीमारियों के उपचार और विभिन्न प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। नगर पालिका के सहयोग से ब्रेसाइड स्कूल भवन में शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोला गया है, जहां एक चिकित्सक, फार्मासिस्ट, नर्स समेत चार कर्मी तैनात रहेंगे।
सरकार की ओर से जन-जन तक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजना पर कार्य किया जा रहा है। ईओ रोहिताश शर्मा ने बताया कि स्नोव्यू और कृष्णापुर में दो आरोग्य मंदिर खोले जाने थे, जिसमें से स्नोव्यू में पहला शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किया गया है। पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, क्षेत्रीय सभासद जितेंद्र पांडे और ईओ रोहिताश शर्मा ने इस केंद्र का शुभारंभ किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को प्राथमिक जांचों के साथ उपचार की सुविधा मिलेगी। केंद्र में एक चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट, एक नर्स और चार कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इस अवसर पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, रमेश प्रसाद, अंकित चंद्रा, दीपक कुमार भोलू समेत कई लोग उपस्थित रहे।

स्कूल भवन में खुला आयुष्मान आरोग्य मंदिर अब स्नोव्यू के निवासियों को मिलेगा उपचार
Related articles
