कूड़ा व शुल्क कलेक्शन नहीं होने पर ठेकेदार का रोका भुगतान – पालिकाध्यक्ष ने साफ किया पहले करें शुल्क वसूली फिर होगा भुगतान

नैनीताल: शहर में नगर पालिका की ओर से डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को किया गया टेंडर शुरूआत से ही सवालों के घेरे में है। टेंडर को दो माह गुजरने के बाद भी वार्डों से कूड़ा व शुल्क कलेक्शन व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटने पर पालिकाध्यक्ष ने अनुबंधित ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगा दी है। उन्होंने साफ कहा है कि पहले दो माह का कूड़ा कलेक्शन शुल्क नगर पालिका में जमा करवाये उसके बाद ही ठेकेदार को भुगतान किया जाएगा।
बता दे कि मार्च में नगर पालिका ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन को लेकर टेंडर किया था। जिसमें अनुबंधित संस्था को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन और एकत्रित कूड़े को अपने खर्च पर हल्द्वानी तक भिजवाने की जिम्मेदारी तय है। मगर शुरूआती दौर में ही शहर के तमाम क्षेत्रों से कूड़ा नहीं उठने की शिकायते आने लगी तो अनुबंधित संस्था की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई। पालिका की सख्ती के बाद संस्था के कार्यों में कुछ सुधार तो आया, मगर अब भी कई क्षेत्रों में कूड़ा नहीं उठने की समस्या बनी हुई है। शनिवार को अनुबंधित संस्था का प्रतिनिधि दो माह से लंबित भुगतान को लेकर पालिका कार्यालय पहुंचा। मगर वहां सभासदों व शहरवासियों ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन नहीं होने की बात पर उसे घेर लिया। काफी देर बहस के बाद जब पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने कूड़ा कलेक्शन के एवज में लिये जाने वाले शुल्क वसूली को लेकर पूछा तो संस्था प्रतिनिधि ने शुल्क अब तक नहीं वसूलने की बात कही। जिस पर पालिकाध्यक्ष ने साफ किया कि जब संस्था शुल्क वसूली के लिए घर-घर जाएगी तो कूड़ा कलेक्शन के लिए भी जाना होगा। जब तक दो माह का शुल्क पालिका में जमा नहीं होता, तब तक संस्था को किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं किया जाएगा।

Latest articles

Related articles

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!